Share here

*कुशीनगर में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, सास-बहू समेत 3 लोगों की मौत*

न्यूज सबकी पसंद। संवाददाता

कुशीनगर में शनिवार दोपहर 1 बजे बाइक सवार परिवार को एक तेज रफ्तार कार ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में सास-बहू और बेटा 10 फीट हवा में उछलकर का दूर जा गिरे। हादसे के बाद तीनों तड़पते रहे। फिर उनको सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
तीनों गोरखपुर जिला अस्पताल जा रहे थे। वहीं, शनिवार रात हादसे का वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि बाइक सवार अपनी दिशा में चल रहे थे। तभी सामने से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। वीडियो में देखा जा सकता है कि जिसमें तीनों हवा में करीब 10 फीट तक उछलकर सड़क पर गिर पड़े। वीडियो करीब 43 सेकेंड है। मामला हाटा थाना क्षेत्र का है।
डुमरी स्वांगीपट्टी गांव की रहने वाली माधुरी (55) उनकी बड़ी बहू शालू (30) और बेटा विवेक (22) बाइक से गोरखपुर जिला अस्पताल जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही तीनों पट्टन चौराहे के पास पहुंचे, तभी पिपराइच की ओर से आ रही अर्टिगा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों हवा में 10 फीट उछलकर सड़क पर जा गिरे। इसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही कार का अगला हिस्सा भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इसी बीच कार ड्राइवर भीड़ को चकमा देकर भाग गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने तीनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया, यहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। उधर, जैसे ही घरवालों को हादसे का पता चला, सभी रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। कार्रवाई करने की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
7 और 5 साल के बच्चों के सिर से उठा मां का साया

हादसे में जान गंवाने वाली शालू के 2 बेटे हैं। इनमें एक 7 साल का और दूसरा 5 साल का है। उनके पति महेंद्र विदेश में रहकर काम करते हैं। हादसे में जान गंवाने वाले विवेक अपने 3 भाइयों में सबसे छोटे थे। वह गोरखपुर यूनिवर्सिटी से पढ़ाई कर रहे थे। थाना प्रभारी ने बताया कि कार की नंबर प्लेट के आधार पर पुलिस चालक की तलाश में जुटी है।

हाटा कोतवाल संजय दुबे ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Share here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *