Share here

पडरौना में जाम की समस्या के समाधान को लेकर पुलिस-व्यापारी एवं सामाजिक संगठनों की हुई बैठक

वरिष्ठ पत्रकार गौरीशंकर जी की रिपोर्ट/ पडरौना, कुशीनगर।

पडरौना शहर में बढ़ती जाम की समस्या एवं यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कुशीनगर के निर्देश पर शनिवार को नगर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं अग्रवाल महासभा के जिला अध्यक्ष प्रदीप चाहाड़िया के प्रतिष्ठान कार्यालय पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक पडरौना ओमप्रकाश तिवारी एवं यातायात निरीक्षक अश्वनी राय ने नगर पालिका परिषद, व्यापार मंडल तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं प्रमुख व्यापारियों के साथ जाम की समस्या के स्थायी समाधान पर विस्तृत चर्चा की।
चर्चा के दौरान शहर के कुछ मार्गों को वन-वे (एकल मार्ग) किए जाने तथा व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने का सुझाव प्रमुख रूप से सामने आया। सभी उपस्थित लोगों ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष जायसवाल ‘बुलबुल’, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक कैलाश चहरिया, प्रदेश मंत्री एवं जिला अध्यक्ष सचिन चौरसिया, संगठन मंत्री अभय अग्रवाल, वरिष्ठ पदाधिकारी सतीश जिंदल, व्यापार मंडल के प्रांतीय मंत्री जगदंबा अग्रवाल, अग्रवाल महासभा के जिला महामंत्री संजय मरोदिया, मारवाड़ी युवा मंच के प्रांतीय मंत्री आलोक अग्रवाल सहित नगर के अनेक प्रमुख व्यापारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।


Share here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *