Share here

*गोरखपुर में नए एसपी सिटी ने संभाली कमान, पाटिल निमिष दशरथ ने लिया पदभार*

*ईद को लेकर सुरक्षा सख्त, ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी*

न्यूज सबकी पसंद गोरखपुर से ब्यूरो चीफ प्रदीप कुमार मौर्या की रिपोर्ट

*गोरखपुर।* जनपद गोरखपुर को नया एसपी सिटी मिल गया है। वर्ष 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी पाटिल निमिष दशरथ ने सोमवार को कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से एसपी सिटी का पदभार ग्रहण किया। मूल रूप से महाराष्ट्र के सोलापुर निवासी पाटिल इससे पहले गाजियाबाद में डीसीपी ट्रामा सेंटर के पद पर तैनात थे और वहां लगभग तीन वर्षों तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी सिटी पाटिल निमिष दशरथ ने कहा कि गोरखपुर में जनकेंद्रित पुलिसिंग (पीपुल्स सेंट्रिक पुलिसिंग) को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि आम जनता को पुलिस से बेहतर सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाएगा, जिससे किसी भी शिकायतकर्ता को बार-बार थाने या कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य केवल घटना के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि घटना होने से पहले ही अपराध पर अंकुश लगाना है। इसके लिए पुलिस टीम को सक्रिय और संवेदनशील तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए जाएंगे।
एसपी सिटी ने बताया कि हर शिकायत की गंभीरता से जांच की जाएगी और यदि कोई व्यक्ति अपराधी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार शिकायतें आपसी या जमीनी विवाद से जुड़ी होती हैं, जिनमें प्रशासन और न्यायालय की प्रक्रिया भी अहम होती है, इसलिए ऐसे मामलों में तथ्यों के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि “पांचों उंगलियां बराबर नहीं होती हैं”, इसलिए पुलिस हर मामले की निष्पक्ष जांच करेगी। यदि कोई शिकायतकर्ता गलत जानकारी देता है तो उसके खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जाएगी।
आगामी ईद के त्योहार को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी और पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।


Share here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *