*नागपंचमी पर गुड़िया बटोरने तालाब में उतरे तीन बच्चों की डूबने से मौत, गांव में मचा कोहराम*
*बेदौली बाबू में हादसे से मातम, एक साथ उठीं तीन मासूमों की अर्थियां*
ब्यूरो चीफ प्रदीप कुमार की रिपोर्ट
गोरखपुर। नागपंचमी का त्योहार मनाने की खुशी उस समय मातम में बदल गई, जब बांसगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बेदौली बाबू में गुड़िया बटोरने तालाब में गए तीन मासूम बच्चे अचानक गहरे पानी में डूब गए। हादसे में तीनों बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार को नागपंचमी के अवसर पर गांव के बच्चे तालाब में गुड़िया बटोरने के लिए गए थे। इसी दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने शोर मचाया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चों को तलाशने का अभियान शुरू किया।
डूबे बच्चों की पहचान अनुज, सचिन और हरिश उर्फ करिया के रूप में हुई। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी प्रयास के बाद दो बच्चों को तालाब से बाहर निकाला। दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लेकिन सदर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया।
वहीं तीसरे बच्चे हरिश उर्फ करिया की तलाश में पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक तालाब में अभियान चलाया। अथक प्रयास के बाद उसे भी तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। तीनों मासूमों की मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। त्योहार की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।
एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर से पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। जिस तालाब के आसपास कुछ देर पहले तक बच्चों की चहल-पहल थी, वहीं बाद में परिजनों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। ग्रामीणों के मुताबिक नागपंचमी के अवसर पर बच्चे गुड़िया बटोरने की परंपरा के तहत तालाब के पास पहुंचे थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह मासूमों के लिए आखिरी सफर बन जाएगा।
घटना के बाद पुलिस ने तीनों बच्चों के शवों को नियमानुसार कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे की सूचना के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी घटना की जानकारी ली जा रही है।
नागपंचमी के दिन तीन मासूमों की एक साथ हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों के लिए यह ऐसा दुख है, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी। त्योहार के दिन घरों में जहां पूजा और खुशियों का माहौल था, वहीं बेदौली बाबू में तीन परिवारों के आंगन में मातम छा गया। गांव का हर व्यक्ति इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध है।
