*सड़क हादसे में दरोगा की मौत, सिपाही गंभीर रूप से घायल*
अयोध्या- पूराकलंदर थाना क्षेत्र में रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास देर रात गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों की कार गिट्टी लदे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में उपनिरीक्षक आकाश यादव और कांस्टेबल प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 28 वर्षीय उपनिरीक्षक आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि उपनिरीक्षक आकाश यादव जौनपुर जनपद के रहने वाले थे। वहीं, 27 वर्षीय कांस्टेबल प्रदीप कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका उपचार जारी है। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
