Share here

*एकता पदयात्रा में CM योगी का जोरदार स्वागत, भारत माता और वंदे मातरम के जयघोष से गूंज उठा यात्रा मार्ग*

न्यूज सबकी पसंद गोरखपुर से ब्यूरो चीफ प्रदीप कुमार मौर्या की रिपोर्ट

गोरखपुर। सुबह के नौ बजते ही गोलघर की ओर बढ़ती भीड़ और सजी-संवरी सड़कों ने इस बात का इशारा दे दिया कि शहर में कोई बड़ा आयोजन है। सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्मतिथि पर एकता यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वागत के लिए लोग उमड़ पड़े। मुख्यमंत्री पहुंचे तो नगर निगम मुख्य द्वार से लेकर काली मंदिर स्थित पटेल चौक तक दोनों ओर खड़े लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभूतपूर्व स्वागत किया।
सड़कों के दोनों ओर भगवा और केसरिया रंग की झालरों से सजावट की गई थी। पूरे यात्रा मार्ग और आस पास की इमारतों के मुंडेर पर पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात थे और आमजन में मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर गजब का उत्साह देखा गया।
मुख्यमंत्री का काफिला जैसे ही टाउनहाल से गोलघर की ओर बढ़ा, सड़कों पर खड़े लोग फूलों की वर्षा करने लगे। महिलाओं और बच्चों ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “योगी जी जिंदाबाद” के नारे लगाए। कुछ ही देर में पूरा इलाका केसरिया और तिरंगा झंडों से नहा गया।
गोलघर के पास नगर निगम भवन के सामने, जलकल बिल्डिंग के सामने, इंदिरा तिराहा, गणेश चौराहा का दृश्य सबसे आकर्षक रहा। यहां मंच सजा था, नारंगी झालरों और गुब्बारों से पूरी सड़क दमक रही थी। मंच पर पारंपरिक परिधानों में सजी कलाकारों ने लोकनृत्य प्रस्तुत कर माहौल को जीवंत कर दिया।
जैसे ही मुख्यमंत्री पदयात्रा करते हुए वहां पहुंचे, ढोल-नगाड़ों की थाप गूंज उठी और कलाकारों ने नृत्य के साथ उनका स्वागत किया। मंच के सामने खड़े सैकड़ों लोगों ने हाथ हिलाकर और फूल बरसाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
इंदिरा तिराहे से गणेश चौक तक स्वागत का सिलसिला लगातार चलता रहा। स्कूली बच्चों की टोलियां सड़क किनारे कतारबद्ध खड़ी थीं। उनके हाथों में छोटे-छोटे तिरंगे झंडे और बैनर थे, जिन पर लिखा था — “एक भारत, श्रेष्ठ भारत”। मुख्यमंत्री की झलक पाने के लिए बच्चे उत्साहित होकर सड़क के किनारे तक झुक जाते और जैसे ही सीएम गुजरते, बच्चे पूरे जोश से नारे लगाते। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ी। जगह-जगह पुष्पवर्षा, नारियल भेंट और जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।
व्यापारियों ने अपनी दुकानों के बाहर रंगोली बनाई और पुष्पमालाओं से मार्ग सजाया। गोलघर काली मंदिर के पास यात्रा के पहुंचते ही लोगों ने “सरदार पटेल अमर रहें”और योगी – मोदी जिंदाबाद के नारे लगाए। मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री ने पहले काली मां के दर्शन किए और फिर सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।


Share here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *