Share here

*बसगांव में ट्रिपल मर्डर से हड़कंप; छोटे भाई ने बड़े भाई, भाभी और मासूम बेटे की हत्या की*

न्यूज सबकी पसंद गोरखपुर से ब्यूरो चीफ प्रदीप कुमार मौर्या की रिपोर्ट

गोरखपुर। बांसगांव थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि 16 वर्षीय छोटे भाई ने अपने बड़े भाई, भाभी और उनके तीन वर्षीय बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मृतकों की पहचान अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और उनके तीन वर्षीय पुत्र रेयान गुप्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात करीब तीन बजे तीनों घर के एक कमरे में सो रहे थे।
इसी दौरान आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात इतनी भयावह थी कि तीनों को संभलने का भी मौका नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी तथा अन्य अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस की शुरुआती जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा सामने आया है। मृतक के पिता की तहरीर पर बांसगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह हत्या की वजह प्रतीत हो रही है। हालांकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


Share here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *