गोरखपुर ब्रेकिंग न्यूज़
मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
बांसगांव थाना क्षेत्र के हरनहीं चौकी अंतर्गत ग्राम सैरो बनटोला में बीते 6 नवंबर को हुई मारपीट की घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
आक्रोशित ग्रामीणों ने खजनी–सिकरीगंज मार्ग पर जाम लगा दिया और उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बांसगांव जितेंद्र कुमार सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है।
बताया जा रहा है कि मृतक को बीते दिनों गांव में हुई मारपीट में गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस ने घटना से संबंधित आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।
