*चुनाव से पहले गोरखपुर जीआरपी ने वैशाली एक्सप्रेस से पकड़ा युवक, एक करोड़ रुपये की नकदी बरामद, आयकर विभाग जांच में जुटा*
गोरखपुर-बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले गोरखपुर जीआरपी को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार देर रात गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी टीम ने नियमित चेकिंग के दौरान वैशाली एक्सप्रेस से एक युवक को गिरफ्तार किया, जिसके पास से एक करोड़ रुपये की नकदी बरामद की गई। बताया जा रहा है कि युवक इन रुपयों को बिहार के मोकामा ले जाने की फिराक में था।
जानकारी के अनुसार, चुनावों के मद्देनज़र रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। इसी क्रम में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम वैशाली एक्सप्रेस में चेकिंग कर रही थी। जब ट्रेन के एसी कोच के पास टीम पहुंची, तो एक युवक संदिग्ध अवस्था में नज़र आया। शक के आधार पर जब उसके बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से नोटों के कई बंडल बरामद हुए। जब्त की गई रकम की गिनती करने पर वह करीब एक करोड़ रुपये निकली।
