*जमीनी रंजिश में गोली मारकर हत्या*
*गोली मारने के बाद घर में लगाई आग, एक दिन पहले भी हुआ था विवाद पुलिस ने करा दिया था समझौता*
गोरखपुर Iगोरखपुर में जमीनी विवाद में हत्या हो गई। दो पक्षों के बीच कई दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने अपने लाइसेंसी असलहे से दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। जिसमें रामधनी निषाद (55) की गोली लगने से मौत हो गई।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना गीडा इलाके के अमटौरा गांव की है। सूचना पर पहुंची रामधनी को अस्पताल ले गई। लेकिन, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार से जो भी तहरीर मिलेगी, उसके आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
*एक दिन पहले भी हुआ था विवाद*
दरअसल, गीडा इलाके के अमटौरा गांव के रहन पटेश्वरी सिंह और रामधनी निषाद में जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। आसपास के लोगों के मुताबिक, सोमवार की रात भी दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ था। इस दौरान रामधनी ने पटेश्वरी सिंह की पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया था। जिसमें महिला घायल हुई थीं।
*पुलिस ने करा दिया था समझौता*
ग्रामीणों का कहना है कि मामला पुलिस के पास भी पहुंचा था लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाय दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। लेकिन, आरोप है कि मंगलवार की दोपहर भी दोनों पक्षों में एक बार फिर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पटेश्वरी सिंह के बेटे टिकलू सिंह ने अपने लाइसेंसी असलहे से फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें रामधनी निषाद को गोली लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
गोली मारने के बाद हमलावर मृतक के घर में तोड़फोड़ किए और घर के बाहर छप्पर और अन्य सामान में आग लगा दिए। जिससे पूरे गांव में अफरा तफरी मच गई। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है और मामले की पड़ताल में जुट गई है।
*मृतक के बेटे का आरोप-हमलावरों से मिली है पुलिस*
घटना के बाद मृतक के बेटे ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि कल विवाद के बाद जब फोन किया गया तो एक घंटे के बाद पुलिस पहुंची थी, फिर भी कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई की गई होती तो आज मेरे पिता की हत्या नहीं होती। बेटे का आरोप है कि गीडा पुलिस हमलावरों से मिली हुई है। सभी वीडियो मौजूद हैं, जो सामने लाया जाएगा।