प्रेमिका पर चलाई गोली,साथ खड़े लड़के की हत्या कर खुद भी दे दी जान
नागेन्द्र कुशवाहा देवरिया। न्यूज सबकी पसन्द
सिरफिरे ने पहले अपनी प्रेमिका पर गोली चलाई फिर उससे बात कर रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद कनपटी पर गोली मार कर खुद भी जान दे दी। वारदात देवरिया के खामपार थाना क्षेत्र में बुधवार की दोपहर में हुई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। मामला प्रेम त्रिकोण का है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिरफिरा अपनी प्रेमिका को भी मौत के घाट उतारना चाहता था लेकिन निशाना चूक जाने की वजह से उसकी जान बच गई।
भाटपाररानी थाना क्षेत्र के टिकमपार गांव के रहने वाले अनिल (उम्र 20 वर्ष ) पुत्र मुनिरिका का प्रेम प्रसंग खामपार थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में एक युवती के साथ काफी समय से चल रहा था। दोनों ने वर्ष 2019 में कोर्ट मैरिज भी कर लिया था। इसके बाद ये लोग घर से फरार हो गए थे। कुछ दिनों तक देवरिया में रहने के बाद अनिल युवती को लेकर दिल्ली चला गया। वहां से करीब चार-पांच माह पूर्व दोनों घर लौट आए। युवती अपने घर पुरैना जाकर रहने लगी। इसी बीच उसके रिश्ते की बात कहीं और चलने लगी। मंगलवार को उसे देखने के लिए कुछ लोग उसके घर भी आए थे।
इसकी जानकारी होने पर बुधवार को अनिल ने युवती को पुरैना गांव के बागीचे में बुलाया। यहां दोनों में नोकझोंक होने लगी। इसी दौरान युवती चप्पल निकाल कर अनिल की पिटाई करने लगी तो उसने पास रखे पिस्टल से उस पर फायर झोंक दिया लेकिन उसका निशाना चूक गया। युवती के चीखने और गोली की आवाज सुनकर पुरैना बागीचे में खेल रहे कुछ ग्रामीणों ने अनिल को दौड़ा लिया। यह देख अनिल भाग कर बहलोलवा गांव के पास एक गन्ने के खेत में छिप गया। उसी दौरान पुरैना गांव का रहने वाला मोहम्मद फारूख(22) पुत्र स्व हारून खान उसके करीब पहुंच गया तो उसने उसे गोली मार दी और गन्ने के खेत से निकल कर भागने लगा। इसी बीच टीकमपार-नेटुआबीर मार्ग पर बहलोलवा के ग्रामीणों ने उसे घेर लिया। लोगों से चारो तरफ से घिरा देख अनिल ने खुद को भी कनपटी पर गोली मार लिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने फारूख को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपाररानी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फारूख दिल्ली में पलंबर का काम करता था। वह लॉकडाउन के चलते मई माह में घर लौटा था।
अनिल नेे बुधवार की दोपहर युवती को मिलने के लिए बुलाया था। इसी दौरान विवाद हो जाने पर उसने फायरिंग कर दी। यह देख लोगों ने दौड़ा लिया। काफी करीब पहुंच जाने पर युवक ने फारूख की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद लोगों ने उसे घेर लिया तो उसने खुद को भी गोली मार कर जान दे दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।