बैनर फाड़ने के विवाद में बुजुर्ग की मौत, गांव में तनाव; भारी पुलिस बल तैनात
कुशीनगर, ब्यूरो। चौरा थाना क्षेत्र के मगुरपट्टी गांव में बैनर फाड़ने के विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मृतक बुजुर्ग तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बिहार बुजुर्ग टोला के निवासी थे। बताया जाता है कि मगुरपट्टी गांव और बिहार बुजुर्ग टोला दीप राय गांव आपस में सटे हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बैनर फाड़े जाने का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन थानों की पुलिस फोर्स क्षेत्र में तैनात की गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। क्षेत्र में स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
