Share here

*एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का बड़ा एक्शन: गोरखपुर में 1.10 करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार*

न्यूज सबकी पसंद गोरखपुर से ब्यूरो चीफ प्रदीप कुमार मौर्या

गीडा।
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम ने गीडा थाना क्षेत्र में दो शातिर तस्करों को धर दबोचा है। इनके कब्जे से 530 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, रमेश राम ने बताया कि टीम को मुखबिर के जरिए सटीक सूचना मिली थी कि गीडा क्षेत्र के नौसड़ पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले एकला बाजार स्थित शिव मंदिर के पास मादक पदार्थों की बड़ी खेप की सप्लाई होनी है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए, (ANTF) की टीम प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। टीम ने बिना नंबर प्लेट की एक टीवीएस जुपिटर पर सवार दो संदिग्धों को रोका और उन्हें हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान, दोनों के पास से 530 ग्राम हेरोइन, साथ ही दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद बरामद हुए। बाद में नौसड़ चौकी इंचार्ज कमलेश प्रताप सिंह भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, और संयुक्त रूप से आरोपियों को गीडा थाने ले जाया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान छेदी यादव पुत्र पलकधारी यादव, निवासी चकरा अव्वल, राजघाट और अरुण सिंह पुत्र लालजी सिंह, निवासी चरन लाल चौक, कोतवाली के रूप में हुई। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे यह हेरोइन बाराबंकी जिले के जैतपुर निवासी मोहम्मद अनस (जो वर्तमान में लखनऊ जेल में बंद है) के माध्यम से ओसामा से लाते थे। तस्करों ने स्वीकार किया कि वे वर्षों से बाराबंकी से हेरोइन लाकर गोरखपुर के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई कर रहे थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ गीडा थाने में मुकदमा संख्या 0704, धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह गिरफ्तारी गोरखपुर में नशीले पदार्थों के नेटवर्क पर एक बड़ी चोट है।


Share here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *