*’जनता ने दिया MY का नया फार्मूला’, NDA की प्रचंड जीत पर बोले PM मोदी, मतलब भी बताया*
Fri, Nov 14, 2025
*Bihar Chunav Result 2025:* बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणामों के रुझानों में एनडीए ने प्रचंड जीत हासिल कर ली है, बीजेपी समेत पूरा एनडीए इस वक्त जश्न में डूबा हुआ है तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की शानदार जीत को सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय की जीत बताया है।
उन्होंने इस अभूतपूर्व जीत के लिए बिहार की जनता का आभार व्यक्त किया और गठबंधन के नेताओं को भी बधाई दी। दिल्ली बीजेपी के पार्टी मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ‘जय छठी मैया, ये प्रचंड जीत, अटूट विश्वास, बिहार के लोगों ने बिल्कुल गर्दा उड़ा दिया है।’
‘ये जीत अपने आप में खास है क्योंकि आज तो बिहार के घर-घर में मखाना खीर बन गई है, बिहार की जनता ने आज MY का नया फार्मुला दिया है, यहां पर M का मतलब महिला और Y का मतलब यूथ से है। राज्य में सभी महिलाओं और युवाओं में मैं तहे दिल से आभार व्य़क्त करता हूं और वादा करता हूं कि वो निराश नहीं होंगे।’
*’MY का मतलब है मुस्लिम और यादव से था’*
आपको बता दें कि अभी तक MY का मतलब है मुस्लिम और यादव से था लेकिन आज पीएम मोदी ने इसका नया अर्थ समझाया। उन्होंने आगे कहा कि ‘जब मैं बिहार चुनाव में जंगलराज और कट्टा सरकार की बात करता था, तो राजद पार्टी ने कोई आपत्ति नहीं जताई। लेकिन इससे कांग्रेस के लोगों को ठेस पहुंची। आज, मैं फिर से दोहराना चाहता हूं कि कट्टा सरकार बिहार में कभी वापस नहीं आएगी… बिहार के लोगों ने विकसित बिहार के लिए वोट दिया है।’
*’सुशासन की जीत हुई है’*
इससे पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘सुशासन की जीत हुई है। विकास की जीत हुई है। जन-कल्याण की भावना की जीत हुई है। सामाजिक न्याय की जीत हुई है। बिहार के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है। यह प्रचंड जनादेश हमें उन्होंने जोर दिया कि यह जनादेश जनता की सेवा करने और बिहार के लिए काम करने की नई शक्ति देता है।’
*भारी बहुमत से पुरस्कृत किया*
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एनडीए ने बिहार के चहुंमुखी विकास को सुनिश्चित किया है। जनता ने सत्तारूढ़ गठबंधन के ट्रैक रिकॉर्ड और बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उसके विजन को देखते हुए भारी बहुमत से पुरस्कृत किया है।
*एनडीए के हर कार्यकर्ता का भी आभार*
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के सहयोगी चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को इस बड़ी जीत के लिए हार्दिक बधाई दी। पीएम मोदी ने एनडीए के हर कार्यकर्ता का भी आभार जताया, जिन्होंने अथक परिश्रम किया, लोगों के बीच गए, विकास के एजेंडे को प्रस्तुत किया और विपक्ष के हर झूठ का डटकर मुकाबला किया।
*एनडीए बिहार के विकास के लिए सक्रिय रूप से काम करेगा- PM मोदी*
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में एनडीए बिहार के विकास के लिए सक्रिय रूप से काम करेगा, जिससे राज्य के बुनियादी ढांचे और संस्कृति को एक नई पहचान मिलेगी। उन्होंने युवाओं और महिला शक्ति को समृद्ध जीवन के पर्याप्त अवसर सुनिश्चित करने का भी संकल्प लिया।
