🚨 देवरिया में महिला पर चाकू से हमला, आरोपी को लोगों ने खंभे से बांधा 🔪
देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के कसया ढाला के पास सोमवार सुबह एक महिला पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया। हमले में महिला के चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और खंभे से बांधकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
घायल महिला की पहचान रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के डूमरी गांव निवासी 40 वर्षीय रानी देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि रानी देवी सोमवार सुबह कसया ढाला के पास मौजूद थीं। इसी दौरान उनका चचेरे देवर प्रहलाद से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रहलाद ने चाकू से उन पर हमला कर दिया।
हमले में घायल रानी देवी को तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी प्रहलाद को पकड़कर खंभे से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
परिजनों के मुताबिक, रानी देवी के पति का पहले ही निधन हो चुका है। उनके एक बेटे और दो बेटियां हैं। परिजनों ने महिला और आरोपी के बीच कथित प्रेम संबंध की बात भी कही है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।
👮 पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
