राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगेगा उनवल, 12 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
ब्यूरो चीफ प्रदीप कुमार की रिपोर्ट
उनवल, गोरखपुर। आज़ादी के अमृत महोत्सव एवं “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत 12 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली भव्य तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी उनवल मण्डल की एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक, भव्य एवं अनुशासित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई तथा विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
बैठक के मुख्य अतिथि मण्डल प्रभारी जगदीश चौरसिया ने तिरंगा यात्रा के उद्देश्य एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और देशभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से घर-घर जनसंपर्क कर प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया तथा कार्यक्रम की कार्ययोजना एवं दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी।
विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत उनवल के अध्यक्ष महेश कुमार दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रगौरव का पर्व है। उन्होंने सभी नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग से अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनकर तिरंगे के सम्मान में आयोजित इस यात्रा को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
बैठक की अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष इन्द्र कुमार निगम ने की। उन्होंने तिरंगा यात्रा की संपूर्ण कार्ययोजना, बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर पर जनसंपर्क अभियान, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा कार्यक्रम के सफल संचालन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत उनवल क्षेत्र के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा मदरसों से संपर्क कर उन्हें इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में सहभागी बनने का अनुरोध किया जाएगा। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, ताकि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुँचे और यह तिरंगा यात्रा पूरे क्षेत्र के लिए एक प्रेरणादायी आयोजन बने।
कार्यक्रम का संचालन मण्डल महामंत्री एवं तिरंगा यात्रा के संयोजक योगेश वर्मा ने किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से समयबद्ध एवं अनुशासित ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आग्रह किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 12 अगस्त 2026 (बुधवार) को प्रातः 8:00 बजे नगर पंचायत कार्यालय, उनवल से अंबेडकर चौराहा तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, युवा, महिलाएँ, छात्र-छात्राएँ, व्यापारी, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के नागरिक बड़ी संख्या में हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश देंगे।
बैठक में मण्डल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं तिरंगा यात्रा के मण्डल सह-संयोजक विजय तिवारी, मण्डल उपाध्यक्ष योगेन्द्र साहनी, प्रदीप सिंह, लाल बाबू साहनी, राजकुमार गुप्ता, शक्ति केंद्र संयोजक गब्बू मद्धेशिया, व्यास मुनि पांडे, रमेश तिवारी, अमरीश, राहुल त्रिपाठी, चंद्रभान मद्धेशिया, महेंद्र चौधरी, विजय कांति शर्मा, दिवाकर राम त्रिपाठी, सतेन्द्र सिंह, संदीप तिवारी तथा सभासद प्रकाश गुप्ता, राजन पासवान, सर्वेश कुमार, सुभाष गुप्ता, राहुल गुप्ता, सत्यनारायण शर्मा, श्याम जी प्रजापति एवं मुनेन्द्र जायसवाल सहित मण्डल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने 12 अगस्त को होने वाली तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक, भव्य एवं अनुशासित बनाने का संकल्प लेते हुए नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम के इस महापर्व को सफल बनाने की अपील की।
