*पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पर्याप्त पेट्रोल पंप स्थापित करने की मांग, सांसद रवि किशन ने लोकसभा में नियम 377 के तहत उठाया मुद्दा*
*नई दिल्ली/गोरखपुर।* गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने लोकसभा में नियम 377 के अधीन पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पर्याप्त संख्या में पेट्रोल पंप स्थापित किए जाने का महत्वपूर्ण विषय उठाते हुए केंद्र सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है।
सांसद रवि किशन ने कहा कि लखनऊ से गाजीपुर तक पूर्वी उत्तर प्रदेश को प्रदेश की राजधानी से जोड़ने वाला पूर्वांचल एक्सप्रेसवे राज्य का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग है। इस एक्सप्रेसवे पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में निजी, व्यावसायिक तथा मालवाहक वाहनों का आवागमन होता है। इसके बावजूद पूरे मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पेट्रोल पंप एवं ईंधन सुविधाओं का अभाव वाहन चालकों और यात्रियों के लिए गंभीर समस्या बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर लंबी दूरी तक ईंधन उपलब्ध न होने के कारण वाहन चालकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से रात्रिकालीन यात्रा और आपातकालीन परिस्थितियों में यह स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाती है। बेहतर ईंधन अवसंरचना सड़क सुरक्षा, सुगम यातायात तथा यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक है।
सांसद रवि किशन ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर यातायात की आवश्यकता एवं दूरी को ध्यान में रखते हुए उचित अंतराल पर पर्याप्त संख्या में पेट्रोल पंप स्थापित एवं संचालित कराने के लिए संबंधित तेल विपणन कंपनियों के साथ आवश्यक समन्वय कर शीघ्र कार्रवाई की जाए। इससे इस महत्वपूर्ण एक्सप्रेसवे पर आवागमन करने वाले लाखों वाहन चालकों एवं यात्रियों को निर्बाध, सुरक्षित एवं सुलभ ईंधन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
