*ज्वैलरी कारोबारी के पोते 10 वर्षीय मासूम की अपहरण के बाद हत्या, पड़ोसी शिक्षक गिरफ्तार*
न्युज सबकी पसंद गोरखपुर ब्यूरो चीफ प्रदीप कुमार की रिपोर्ट
गोरखपुर जनपद के खजनी कस्बे में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। क्षेत्र के प्रतिष्ठित ज्वैलरी कारोबारी लक्ष्मी नारायण वर्मा के 10 वर्षीय पोते वैभव वर्मा की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपी पड़ोसी कंप्यूटर शिक्षक सर्वेश भट्ट को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, चौथी कक्षा का छात्र वैभव सोमवार दोपहर स्कूल से घर लौटने के बाद साइकिल लेकर खेलने निकला था। करीब आधे घंटे बाद उसकी साइकिल घर के पीछे लावारिस हालत में मिली, जबकि कुछ दूरी पर उसकी एक चप्पल बरामद हुई। परिवार को अपहरण की आशंका हुई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर पुलिस की पांच टीमें, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड जांच में जुटे। सीसीटीवी फुटेज में वैभव अपने पड़ोसी सर्वेश भट्ट के साथ जाता दिखाई दिया। पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के बेसमेंट से वैभव का शव बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और परिवार के ऊपर रहने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। शव को ठिकाने लगाने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले पुलिस पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ महीने पहले ही वैभव की मां का बीमारी से निधन हुआ था। अब इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
