पिपराइच पुलिस को सफलता, दो चोर गिरफ्तार
आई-पैड, मोबाइल, टुल्लू पम्प समेत सामान व नकदी बरामद
गोरखपुर।पिपराइच थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का आई-पैड, मोबाइल फोन, टुल्लू पम्प, ब्लोवर, ग्लैंडर मशीन तथा 1500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर दर्ज मुकदमों की जांच के दौरान उदय निषाद और अभिषेक चौहान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
घटना के संबंध में बताया गया कि 16 जून 2026 को अज्ञात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर एप्पल आई-पैड चोरी कर लिया था। वहीं, 16/17 जून की रात को एक निर्माणाधीन मकान से मोबाइल फोन, ग्राइंडर, ड्रिल मशीन, ब्लोवर, मोटर और बैग में रखा नकद धन भी चोरी कर लिया गया था। इन घटनाओं के संबंध में थाना पिपराइच में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी का सामान बरामद कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्त पिपराइच थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और इनके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
