*खजनी में छिनैती का खुलासा, 24 घंटे के भीतर एक आरोपी गिरफ्तार*
*बाल अपचारी अभिरक्षा में, नकदी व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद*
न्यूज सबकी पसंद ब्यूरो चीफ प्रदीप कुमार की रिपोर्ट
गोरखपुर।खजनी थाना क्षेत्र में छिनैती की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से छिनैती का सामान बेचकर प्राप्त 2,420 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 07 जुलाई 2026 को मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाश वादी की मोटरसाइकिल के पीछे से आए और उसकी पत्नी के कान की बाली छीनकर फरार हो गए थे। घटना के संबंध में पीड़ित की तहरीर पर थाना खजनी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रवि प्रकाश प्रजापति पुत्र रामप्रीत प्रजापति निवासी रामपुर मलौनी, थाना खजनी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, घटना में शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने छीने गए जेवर को बेच दिया था, जिससे प्राप्त 2,420 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
