*सरयू नदी में मोटर बोट पलटने से मची अफरा-तफरी, सभी सवार सुरक्षित निकाले गए*
*लाइफ जैकेट के चलते टला बड़ा हादसा, घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती*
न्यूज सबकी पसंद गोरखपुर से ब्यूरो चीफ प्रदीप कुमार मौर्या की रिपोर्ट
गोरखपुर। जनपद के बड़हलगंज स्थित मुक्तिपथ घाट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सरयू नदी (घाघरा) में एक प्राइवेट मोटर बोट अचानक पलट गई। घटना सुबह करीब 10:45 बजे की बताई जा रही है, जिसमें बोट पर सवार पांच व्यक्तियों के डूबने की सूचना मिली। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी सवारों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद नाविकों और आपदा मित्रों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान कुछ लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हलगंज भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रशासनिक व्यवस्था के तहत जनपद में लगातार बढ़ रही डूबने की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील घाटों पर आपदा मित्रों की तैनाती की गई है। अपर जिला अधिकारी (वित्त/राजस्व) एवं प्रभारी अधिकारी (आपदा) के नेतृत्व में यह व्यवस्था संचालित की जा रही है, जिसके तहत घाटों पर तैनात टीम लगातार लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रही है।
मुक्तिपथ बड़हलगंज पर तैनात आपदा मित्र घनश्याम मौर्य और सुरीना ने बताया कि वे लगातार लोगों से अपील करते हैं कि नाव या मोटर बोट पर बैठते समय अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट पहनें। साथ ही सभी मोटर बोट चालकों को भी निर्देशित किया गया है कि वे हर सवारी को लाइफ जैकेट पहनाना सुनिश्चित करें।
प्रशासन द्वारा मोटर बोट चालकों को निशुल्क लाइफ जैकेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सुरक्षा मानकों का पालन करने से बड़े हादसों को टाला जा सकता है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नदी में यात्रा करते समय सतर्कता बरतें और सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं में जनहानि से बचा जा सके।
