Share here

*गोरखपुर में बेटे ने सो रहे पिता को कुल्हाड़ी से काट डाला*

न्यूज सबकी पसंद गोरखपुर से ब्यूरो चीफ प्रदीप कुमार मौर्या की रिपोर्ट

गोरखपुर। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई। घर के बाहर चारपाई पर सो रहे पिता पर उनके ही बेटे ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
सिर और गर्दन पर कई वार होने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया। गुलरिहा थाना पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
जंगल अयोध्या प्रसाद गांव निवासी 55 वर्षीय ब्रह्मदेव कन्नौजिया बुधवार रात भोजन करने के बाद घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। आरोप है कि रात करीब दो से ढाई बजे के बीच उनके छोटे बेटे गोलू कन्नौजिया ने कुल्हाड़ी उठाई और सो रहे पिता पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपित ने सिर और गर्दन पर सात से आठ वार किए, जिससे ब्रह्मदेव की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के दौरान हुई आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना रात करीब तीन बजे पुलिस को दी गई।
ग्रामीणों के अनुसार गोलू कन्नौजिया दो भाइयों में छोटा है। गांव की एक युवती से उसका प्रेम प्रसंग था। कुछ समय पहले युवती की शादी अन्यत्र हो जाने के बाद वह काफी तनाव में रहने लगा था।
ग्रामीणों का कहना है कि इसके बाद उसका व्यवहार भी असामान्य हो गया था। स्वजन ने बताया कि करीब छह माह पहले गोलू की मां का भी निधन हो गया था। इसके बाद से वह अधिक गुमसुम रहने लगा था। उसने पिता की हत्या क्यों कि यह स्पष्ट नहीं हुआ है
सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। पारिवारिक विवाद, मानसिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।


Share here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *