*ज्वैलरी शोरूम में बड़ी चोरी का खुलासा, दो महिला कर्मचारी गिरफ्तार*
*9.50 लाख नकद व करीब 15.50 लाख के आभूषण बरामद, सीसीटीवी से बचकर करती थीं चोरी*
न्यूज सबकी पसंद गोरखपुर से ब्यूरो चीफ प्रदीप कुमार मौर्या की रिपोर्ट
गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र में ज्वैलरी की दुकान से लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से 9,50,000 नकद और करीब 15,50,000 मूल्य के सोने-चांदी व हीरे के आभूषण बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपी उसी दुकान में सेल्स पर्सन के रूप में कार्यरत थीं।
मामला तब सामने आया जब दुकान मालिक ने मार्च माह में स्टॉक ऑडिट कराया। जांच में पाया गया कि असली आभूषणों की जगह नकली आभूषण रख दिए गए हैं। कुछ सोने के आभूषणों का वजन भी कम पाया गया और बारीकी से जांच करने पर यह भी सामने आया कि कई आभूषणों से लटकन तोड़ लिए गए थे। इसके बाद मामले की शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्ताओं ने बताया कि वे पिछले करीब ढाई वर्षों से दुकान में काम कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रेंज को समझ लिया था और उसी का फायदा उठाते हुए कैमरों से बचकर स्ट्रांग रूम में रखे असली आभूषणों को निकालकर उनकी जगह उसी डिजाइन के नकली आभूषण रख देती थीं। जिन गहनों में कई लटकन होते थे, उनमें से एक-दो लटकन भी तोड़कर अलग कर लेती थीं।
चोरी किए गए आभूषणों को आरोपी नेपाल में बेच देती थीं और उससे मिले पैसे से अपनी पसंद के गहने खरीदती थीं। पुलिस ने उनके पास से नकदी के साथ बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं, जिनमें इयररिंग, मंगलसूत्र, चेन, अंगूठियां, नथ, नोज पिन, बैंगल, पेंडेंट समेत कई अन्य गहने शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस खुलासे के बाद ज्वैलरी कारोबारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है और कर्मचारियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की जरूरत महसूस की जा रही है।
