*पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर गोरखपुर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू*
*8 से 10 जून तक कई मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध, वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था*
न्यूज सबकी पसंद गोरखपुर से ब्यूरो चीफ प्रदीप कुमार मौर्या की रिपोर्ट
गोरखपुर। जनपद में 8 जून से 10 जून 2026 तक आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की सीधी भर्ती परीक्षा को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने और शहर में ट्रैफिक सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने तीन दिनों के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है।
निर्देशों के अनुसार, भारी वाहनों के लिए दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक खुलने वाली नो-एंट्री 8, 9 और 10 जून को पूरी तरह बंद रहेगी। वहीं रेलवे रोडवेज बस डिपो से लखनऊ की ओर जाने वाली बसें विश्वविद्यालय चौराहा, मोहद्दीपुर, पैडलेगंज और टीपी नगर होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगी।
इसके अलावा असुरन तिराहा से जटेपुर, बक्शीपुर की ओर जाने वाले ई-रिक्शा और ऑटो पर प्रतिबंध रहेगा। इन्हें टाउनहाल और कचहरी चौराहा मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। अंबेडकर चौराहा से तमकुही की ओर जाने वाले ई-रिक्शा व ऑटो को आवश्यकता अनुसार छात्रसंघ भवन की ओर मोड़ा जाएगा।
पार्किंग की विशेष व्यवस्था भी की गई है। एडीजी टावर (विजय चौक के पास), एसबीआई बैंक परिसर, पवित्र विवाह स्थल (असुरन तिराहा), कचहरी क्लब, विश्वविद्यालय पुलिस चौकी के पास खाली जमीन और मारवाड़ इंटर कॉलेज बक्शीपुर के सामने पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि निर्धारित ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सहयोग करें, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
