Share here

*बुलेट की तड़तड़ाहट पर पुलिस का शिकंजा*

*खजनी में गहन चेकिंग अभियान, नियम तोड़ने वालों को दी कड़ी चेतावनी*

न्यूज सबकी पसंद गोरखपुर से ब्यूरो चीफ प्रदीप कुमार मौर्या की रिपोर्ट पढ़े पूरी खबर

गोरखपुर।खजनी क्षेत्र में बुलेट मोटरसाइकिल के शौक ने जब शोर और खतरे का रूप लेना शुरू किया, तो पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। साइलेंसर में छेड़छाड़ कर तेज और विस्फोटक आवाज निकालकर सड़कों पर दौड़ाई जा रही बुलेट मोटरसाइकिलें न केवल आमजन की शांति भंग कर रही थीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन चुकी थीं।

खजनी थाना क्षेत्र के उनवल, सतुआभार, नैपुरा सहित दर्जनों मार्गों पर बुलेट की तेज तड़तड़ाहट से लोगों में नाराजगी बढ़ रही थी। स्थानीय नागरिकों की लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खजनी पुलिस ने उनवल चौकी क्षेत्र में गहन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध दोपहिया वाहनों को रोककर जांच की और विशेष रूप से तेज आवाज करने वाले संशोधित साइलेंसरों पर नजर रखी। इसी क्रम में एक युवक को बुलेट मोटरसाइकिल पर तेज और विस्फोटक आवाज करते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने मौके पर ही उसे रोककर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की और कड़ी चेतावनी दी।

चौकी इंचार्ज उनवल आदित्य उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि सड़क पर शोरगुल, स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी वाहन चालक अपने वाहनों में मानक साइलेंसर का ही उपयोग करें, अन्यथा चालान, वाहन सीज और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस सख्ती से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बुलेट की तेज आवाज से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भारी परेशानी होती थी। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

खजनी पुलिस की इस कार्रवाई से यह संदेश साफ है कि शौक के नाम पर सड़क सुरक्षा और जनशांति से खिलवाड़ करने वालों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


Share here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *