*3 दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए सीएम:विभिन्न कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा; विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात*
गोरखपुर,
तीन दिवसीय दौरे पर सीएम योगी बुधवार को गोरखपुर पहुंचे। उन्होंने गुरु गोरखनाथ की पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार की रात लगभग 8:30 बजे गोरखपुर पहुंचे। वह 3 दिवसीय यात्रा पर यहां आए हैं। 4 सितंबर को गीडा में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां से 2251 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। शाम 4 बजे से जीआरडी गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। उनका पीपीगंज जाने का भी कार्यक्रम है। सीएम 5 सितंबर को ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ व ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के पुण्यतिथि सप्ताह समारोह के शुभारंभ अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में उपस्थित रहेंगे। बुधवार की रात गोरखपुर पहुंचने के बाद उन्होंने गुरु गोरखनाथ की पूजा-अर्चना की। उसके बाद ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के समाधि स्थल पर जाकर उनका आशीर्वाद लिया।
सीएम योगी 4 सितंबर को गोरखपुर को 2251 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे। बेवरेजेज के क्षेत्र की मल्टीनेशनल कंपनी पेप्सिको के बाद अब कोका कोला का बॉटलिंग प्लांट भी गोरखपुर में लगाया जाएगा। कोका कोला की बाटलिंग कंपनी अमृत बॉटलर्स ने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) के सेक्टर 27 में 40 एकड़ जमीन ली है। यहां 700 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इससे लगभग 1200 लोगों के रोजगार का मार्ग प्रशस्त होगा। 3 इकाइयों का करेंगे लोकार्पण सीएम GIDA के प्लास्टिक पार्क में 120 करोड़ रुपये के निवेश से बनी तीन औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण भी करेंगे। 640 करोड़ रुपये के निवेश वाली तीन अन्य इकाइयों का शिलान्यास भी किया जाएगा। इसके साथ ही उद्यमियों को औद्योगिक भूखंड के आवंटन का प्रमाण पत्र भी वितरित होगा। सीएम इसी दिन दोपहर बाद 2 बजे पीपीगंज जाएंगे। वहां भरोहिया विकास खंड के मढ़हा गांव निवासी महेंद्र मिश्र के निधन पर सीएम उनके परिजनों से मिलकर सांत्वना देंगे।
शाम को जीआरडी में संग्रहालय का करेंगे लोकार्पण
प्रदेश के संस्कृति विभाग की ओर से गोरखा रेजिमेंट के गोरखा भर्ती डिपो (जीआरडी) गोरखपुर में स्थित गोरखा युद्ध स्मारक का सौंदर्यीकरण कराने के साथ यहां एक भव्य संग्रहालय (म्यूजियम) बनवाया जा रहा है। इसका शिलान्यास 4 सितंबर (गुरुवार) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल सिंह चौहान के हाथों होने जा रहा है। आम जनता के लिए बनने वाला यह गोरखा रेजिमेंट का पहला संग्रहालय होगा। इसपर लगभग 44.73 करोड़ की लागत आएगी।
पुण्यतिथि सप्ताह समारोह के शुभारंभ में होंगे शामिल सीएम 5 सितंबर को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ की 56वीं व ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की 11वीं पुण्यतिथि समारोह के शुभारंभ अवसर पर शामिल रहेंगे। इस अवसर पर कथा का आयोजन 4 सितंबर को होगा।
