*एंटी करप्शन टीम ने कानूनगो को पकड़ा:10 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार, पैमाइश के लिए मांगी थी रकम*
न्यूज सबकी पसंद गोरखपुर
गोरखपुर की एंटी करप्शन टीम ने देवरिया सदर तहसील में एक राजस्व निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्व निरीक्षक शैलेष गोरखपुर के सहजनवां थाना क्षेत्र के सहरी गांव का रहने वाला है।
हरपुर गांव निवासी ज्वाला यादव ने जुलाई में अपनी जमीन की पैमाइश के लिए तहसील में आवेदन किया था। उच्चाधिकारियों के आदेश के बावजूद कानूनगो ने कार्रवाई को टाल दिया। उसने पैमाइश के लिए 10 हजार रुपये की मांग कर दी।
शिकायत के बाद बिछाया जाल परेशान होकर ज्वाला यादव ने एंटी करप्शन विभाग गोरखपुर में शिकायत की। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने जाल बिछाया। शनिवार को ज्वाला यादव रिश्वत की रकम लेकर तहसील पहुंचे। कानूनगो उन्हें एक दुकान पर ले गया। वहां उसने रकम लेकर एक पैकेट में रख ली।
इसी दौरान प्रभारी अधिकारी शिव मनोहर यादव के नेतृत्व में एंटी करप्शन की टीम ने आरोपी को पकड़ लिया। टीम ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर सदर कोतवाली भेजा। वहां उससे पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया है।
