*जन्मदिन पर सांसद रवि किशन ने गुरु गोरखनाथ का लिया आशीर्वाद, दृष्टिबाधित बच्चों संग काटा केक; देशभर के नेताओं ने दी शुभकामनाएं*
*जन्मदिन के अवसर पर आयोजित भव्य भोज में उमड़ा जनसैलाब, सांसद रवि किशन बोले – “यह महादेव का आशीर्वाद और जनता का अपार स्नेह है*
न्यूज सबकी पसंद ब्यूरो चीफ प्रदीप कुमार की रिपोर्ट 
गोरखपुर, शुक्रवार। गोरखपुर के सांसद एवं फिल्म अभिनेता रवि किशन शुक्ला ने शुक्रवार को अपना जन्मदिन श्रद्धा, सेवा और जनसहभागिता के साथ मनाया। जन्मदिन की शुरुआत उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन एवं विशेष आराधना कर भगवान से जनकल्याण, प्रदेश और देश की समृद्धि की प्रार्थना के साथ की। इसके बाद उन्होंने अपने गोरखपुर स्थित आवास पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
जन्मदिन के अवसर पर देश के शीर्ष नेतृत्व ने भी सांसद रवि किशन को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक सहित अनेक केंद्रीय एवं प्रदेश स्तरीय नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी “रवि किशन शुक्ला” का जन्मदिन पूरे दिन ट्रेंड करता रहा और लाखों समर्थकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सांसद रवि किशन ने अपने जन्मदिन को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए दृष्टिबाधित बच्चों के साथ केक काटकर उत्सव मनाया। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया, उनका उत्साहवर्धन किया तथा समाज में समावेशी सोच और सेवा भाव का संदेश दिया।
इसके उपरांत गोरखपुर में आयोजित भव्य जन्मदिन एवं सहभोज कार्यक्रम में पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से हजारों की संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक एवं आमजन शामिल हुए। कार्यक्रम में गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र के अलावा मऊ, देवरिया, आजमगढ़ सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से सांसद, विधायक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सांसद रवि किशन को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर जनसेवा की कामना की।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद रवि किशन ने सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा,
“जन्मदिन के अवसर पर उमड़ा यह जनसैलाब मेरे प्रति जनता के विश्वास, प्रेम और स्नेह का प्रतीक है। यह सब भगवान भोलेनाथ और महादेव की कृपा का परिणाम है। मुझे जनता का जो स्नेह और आशीर्वाद मिला है, वही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। मैं जीवनभर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता की सेवा तथा गोरखपुर के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करता रहूंगा।”
पूरे आयोजन के दौरान समर्थकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने सांसद रवि किशन को पुष्पगुच्छ, मालाएं एवं अंगवस्त्र भेंट कर शुभकामनाएं दीं तथा उनके साथ स्मृति चित्र भी खिंचवाए। सहभोज कार्यक्रम में हजारों लोगों ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की।
श्रद्धा, सेवा, सामाजिक समरसता और जनसंपर्क का संदेश देता यह आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित जनसमूह ने सांसद रवि किशन के प्रति अपना विश्वास दोहराते हुए उनके स्वस्थ, सफल एवं जनहितकारी सार्वजनिक जीवन के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
