*डोहरिया बाजार में दिनदहाड़े फायरिंग: युवक बाल-बाल बचा, गर्दन पर लगे छर्रे*
*नमाज पढ़कर लौट रहे युवक पर बाइक सवारों ने चलाई गोली, पुलिस जांच में जुटी*
न्यूज सबकी पसंद गोरखपुर से ब्यूरो चीफ प्रदीप कुमार मौर्या की रिपोर्ट
गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र के मजनू चौकी अंतर्गत डोहरिया बाजार में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब नमाज पढ़कर घर लौट रहे एक युवक पर बाइक सवार दो युवकों ने फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया, हालांकि गोली के छर्रे उसकी गर्दन में लगने से वह मामूली रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे की है। डोहरिया बाजार निवासी अजीज, पुत्र इनातुल्ला, नमाज अदा करने के बाद बाजार से कुछ सामान लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो युवक—अब्दुल मुकिर (उर्फ दरोगा) पुत्र अब्दुल कलाम और साजिद अली पुत्र जुम्मन, निवासी डोहरिया टोला केवटलवा—ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे।
बताया जा रहा है कि कहासुनी के बीच माहौल बिगड़ने लगा। इसी दौरान अजीज किसी तरह अपने घर के करीब पहुंच गया, लेकिन तभी आरोपियों ने आनन-फानन में उस पर फायरिंग कर दी। गोली अजीज के शरीर को छूते हुए दीवार में जा लगी, जबकि उसके कुछ छर्रे गर्दन में लग गए। घटना के बाद युवक तुरंत घर के अंदर भाग गया, जिससे उसकी जान बच गई।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है और पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी गोरखपुर की ओर भाग निकले हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से स्थानीय लोग भी सहमे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल घायल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
