Share here

*खिचड़ी मेला की तैयारियों और ठंड से राहत को लेकर महापौर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न*

न्यूज सबकी पसंद गोरखपुर से ब्यूरो चीफ प्रदीप कुमार मौर्या की रिपोर्ट पढ़े पूरी खबर

गोरखपुर। नगर निगम गोरखपुर द्वारा खिचड़ी मेला आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं जनसुविधाजनक बनाने तथा ठंड के मौसम में महानगरवासियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव ने की।
बैठक में खिचड़ी मेला क्षेत्र की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, शौचालयों की व्यवस्था, पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला आयोजन से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं और विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर ने कहा कि खिचड़ी मेला हमारी सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने मेला परिसर में नियमित निरीक्षण करने तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ठंड के मौसम को देखते हुए राहत व्यवस्थाओं पर भी विशेष जोर दिया गया। महापौर ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र के साथ-साथ रैन बसेरों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की समुचित व्यवस्था की जाए। जरूरतमंदों को कंबल वितरण, गर्म पेयजल की उपलब्धता तथा बुजुर्गों, बच्चों और असहाय लोगों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
महापौर ने महाप्रबंधक जलकल को निर्देशित किया कि महानगर में जहां भी निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहां नगर निगम की पाइपलाइन में यदि कहीं लीकेज की समस्या उत्पन्न होती है तो उसकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। इसके साथ ही सभी ओवरहेड टैंक एवं नलकूपों का नियमित क्लोरीनेशन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं पानी की लीकेज या अन्य समस्या हो तो नगर निगम के कंट्रोल रूम नंबर 8810709390 पर तुरंत सूचना दें।
बैठक में नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, अतुल कुमार, प्रमोद कुमार, महाप्रबंधक जलकल रघुवेन्द्र कुमार, लेखाधिकारी नागेन्द्र सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर, अधिशासी अभियंता अमरनाथ, वैयक्तिक सहायक ब्रजेश कुमार तिवारी, सौरभ कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *